इस लेख में आप पढ़ेंगे: COP30: Just Transition Work Programme – UPSC
बेलेम में आयोजित COP 30 ने जलवायु परिवर्तन अनुकूलन (adaptation) में न्यायसंगत परिवर्तन (just transition) पर अब तक के सबसे महत्वपूर्ण परिणामों में से एक दिया है। सभी पक्षों ने एक न्यायसंगत परिवर्तन तंत्र (Just Transition Mechanism) विकसित करने पर सहमति व्यक्त की, जिसका उद्देश्य “अंतर्राष्ट्रीय सहयोग, तकनीकी सहायता, क्षमता निर्माण और ज्ञान साझाकरण को बढ़ावा देना और न्यायसंगत, समावेशी परिवर्तन को सक्षम बनाना” है।
जलवायु परिवर्तन में न्यायसंगत परिवर्तन (Just Transition) एक ऐसी प्रक्रिया है जिसके द्वारा कम कार्बन उत्सर्जन वाली, टिकाऊ अर्थव्यवस्था की ओर बढ़ा जाता है और यह सुनिश्चित किया जाता है कि कोई भी श्रमिक, समुदाय या देश पीछे न छूट जाए। इसका अर्थ है जलवायु परिवर्तन के सामाजिक-आर्थिक प्रभावों का निष्पक्ष प्रबंधन करना, जिसमें सम्मानजनक रोजगार सृजन, प्रशिक्षण और नौकरी की सुरक्षा जैसे सामाजिक संरक्षण प्रदान करना और यह सुनिश्चित करना शामिल है कि हाशिए पर पड़े समूहों को इस परिवर्तन से लाभ मिले। यह दृष्टिकोण केवल तकनीकी बदलाव तक सीमित नहीं है, बल्कि समावेशी नीतियों पर केंद्रित है ताकि हरित अर्थव्यवस्था की चुनौतियों और अवसरों दोनों का समाधान किया जा सके।
यह पहली बार है जब न्यायसंगत परिवर्तन कार्य कार्यक्रम (Just Transition Work Programme) – जिसे 2022 में शुरू किया गया और 2023 में कार्यान्वित किया गया – को एक दूरदर्शी संस्थागत मार्ग दिया गया है। जस्ट ट्रांजिशन वर्क प्रोग्राम का उद्देश्य जीवाश्म ईंधन पर निर्भर उद्योगों में काम करने वाले लोगों के लिए नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्रों में आजीविका के अवसर पैदा करने के लिए एक समर्पित मंच प्रदान करना है।
फिर भी, इस निर्णय में “स्थापित” शब्द के बजाय “विकसित” शब्द का प्रयोग किया गया है, जबकि पहले के प्रस्तावों में “स्थापित” शब्द का प्रयोग किया गया था। और, COP 30 में इस तंत्र को शुरू करने के बजाय, पक्षकारों ने UNFCCC के सहायक निकायों (subsidiary bodies) से अनुरोध किया कि वे जून 2026 में अपने 64वें सत्र में “इसके संचालन की प्रक्रिया पर” एक मसौदा तैयार करें, जिसे नवंबर 2026 में COP 31 में अपनाया जा सके। हालांकि कुल मिलाकर यह Just Transition Work Programme के विकास में एक बड़ा कदम है, लेकिन देशों, श्रमिकों और समुदायों को व्यावहारिक रूप से सहायता प्रदान करने में अभी कुछ समय लगेगा।
भारत का रुख
भारत ने विकासशील देशों के एक समूह के साथ मिलकर एक ‘न्यायसंगत परिवर्तन तंत्र‘ स्थापित करने की मांग की है। उसने इस बात पर जोर दिया है कि जलवायु परिवर्तन अनुकूलन के लिए वित्तपोषण कोई “वैकल्पिक अतिरिक्त खर्च” नहीं बल्कि एक “आवश्यक निवेश” है और वर्तमान में इसके लिए अपर्याप्त धन उपलब्ध है।
जलवायु परिवर्तन अनुकूलन (adaptation) के लिए आवश्यक वित्तपोषण में कमी जलवायु कूटनीति पर एक कलंक बना हुआ है। संयुक्त राष्ट्र का अनुमान है कि वैश्विक अनुकूलन (global adaptation) की आवश्यकता प्रतिवर्ष 187 अरब अमेरिकी डॉलर से 359 अरब अमेरिकी डॉलर के बीच है। फिर भी, उपलब्ध धनराशि न सिर्फ इसका एक छोटा सा अंश मात्र है, बल्कि अक्सर सशर्त, धीमी गति से चलने वाली और स्थानीय प्राथमिकताओं से असंबद्ध है।
वैश्विक दक्षिण (Global South) को ऋण-मुक्त अनुदान और मुआवजे की आवश्यकता है, क्योंकि वर्तमान वित्तपोषण मॉडल ग्लोबल नार्थ के ऋणों पर बहुत अधिक निर्भर हैं, जिससे ग्लोबल साउथ ऋण के बोझ तले दब जाता है। दक्षिण को न केवल अधिक धन की मांग करनी चाहिए, बल्कि स्मार्ट धन की मांग करनी चाहिए: ऐसा वित्त जो जैव-अर्थव्यवस्थाओं, स्वदेशी अधिकारों, समुदाय-नेतृत्व वाले संरक्षण और हरित मूल्य श्रृंखलाओं का समर्थन करे, और उत्तर के तौर-तरीकों को हम पर थोपे नहीं। हानि और क्षति कोष (Loss and Damage fund) और तकनीकी सहायता के लिए सैंटियागो नेटवर्क जैसे नए साधन इस दिशा में एक कदम हैं।
अनुकूलन (Adaptation) बनाम शमन (Mitigation)
जलवायु परिवर्तन अनुकूलन वर्तमान या अपेक्षित जलवायु प्रभावों (जैसे अत्यधिक गर्मी, बाढ़, सूखा) के अनुरूप ढलने की प्रक्रिया है, जिसका उद्देश्य नुकसान को कम करना और नए अवसरों का लाभ उठाना है। भारत और अधिकतर विकासशील देश अनुकूलन पर ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं, क्योंकि अनुकूलन इन देशों के राष्ट्रीय सुरक्षा हितों के अनुरूप जीवाश्म ईंधन के उपयोग के लिए गुंजाइश प्रदान करता है। नवीकरणीय ऊर्जा की ओर पूर्णतः परिवर्तन एक प्रौद्योगिकी-प्रधान प्रक्रिया है जो विकसित देशों के लिए आसान है। इसीलिए विकसित देश शमन (mitigation) को प्राथमिकता देते हैं।
जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को कम करने के लिए वायुमंडल में ग्रीनहाउस गैसों के उत्सर्जन को रोकना या कम करना ही शमन कहलाता है। शमन या तो इन गैसों के स्रोतों को कम करके (जैसे नवीकरणीय ऊर्जा की हिस्सेदारी बढ़ाकर या स्वच्छ परिवहन प्रणाली स्थापित करके) या इन गैसों के भंडारण को बढ़ाकर (जैसे वनों का आकार बढ़ाकर) किया जाता है।

